11 जून 2026 को भारत सरकार के रेल मंत्रालय अंतर्गत डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (DFCCIL) के लोधी रोड स्थित कॉरपोरेट कार्यालय में “निर्मल मन – क्लीन एंड क्लियर माइंड” विषय पर एक प्रेरणादायक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में प्रेरक वक्ता बी.के. पीयूष भाई ने मन की शुद्धता, आंतरिक सशक्तता और आत्मचिंतन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जीवन में मानसिक स्पष्टता बनाए रखने के लिए प्रतिदिन आत्मचिंतन आवश्यक है। उन्होंने यह भी संदेश दिया कि हम जिन विचारों को अपने भीतर धारण करते हैं, वही हमारे जीवन के अनुभवों का निर्माण करते हैं, इसलिए सकारात्मक ऊर्जा, सकारात्मक दृष्टिकोण और सकारात्मक सोच के साथ किया गया हर कर्म श्रेष्ठ परिणाम प्रदान करता है।
राजयोग शिक्षिका बी.के. दीपिका ने अपने उद्बोधन में प्रतिभागियों को दूसरों के प्रति शुभभावना, सम्मान और सकारात्मक दृष्टिकोण रखने की प्रेरणा दी। उन्होंने समझाया कि जैसे बीज बोने पर समय के साथ उसका फल प्राप्त होता है, वैसे ही हमारे विचारों और भावनाओं के बीज भी हमारे जीवन में वैसा ही परिणाम लाते हैं। यदि हम सकारात्मकता के बीज बोते हैं, तो उसका फल निश्चित रूप से शांति, सफलता और संतोष के रूप में प्राप्त होता है।
संगोष्ठी के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विषय से संबंधित विचारों पर गहन चिंतन किया तथा राजयोग मेडिटेशन का अनुभव भी किया, जिससे उन्हें आंतरिक शांति और मानसिक स्पष्टता की अनुभूति हुई।
























